छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत व सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। राज्य में 5,000 शिक्षकों की भर्ती की स्वीकृति वित्त विभाग द्वारा प्रदान की गई है। इस निर्णय की जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। नई भर्ती से न केवल स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए पारदर्शी व योग्यता आधारित भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि हर बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस भर्ती से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार बच्चों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस निर्णय से न केवल शिक्षा के स्तर में सुधार होगा, बल्कि राज्य के भविष्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में मदद मिलेगी।







