भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज़ केएल राहुल ने इतिहास रच दिया। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले जा रहे इस टेस्ट में राहुल ने 15 रन बनाते ही इंग्लैंड की ज़मीन पर 1000 टेस्ट रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं।
केएल राहुल ने इस लिस्ट में महान बल्लेबाज़ों के साथ अपना नाम दर्ज करा लिया है। उनसे पहले यह कारनामा सचिन तेंदुलकर (1575 रन), राहुल द्रविड़ (1376 रन), सुनील गावस्कर (1152 रन) और विराट कोहली (1096 रन) ने किया था।
इतना ही नहीं, केएल राहुल अब विदेशी धरती पर बतौर भारतीय ओपनर 1000 से अधिक टेस्ट रन बनाने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सुनील गावस्कर की बराबरी कर ली है, जिन्होंने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और पाकिस्तान में यह मुकाम हासिल किया था।
भारत ने किए तीन बदलाव
इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड की टीम में लियाम डॉसन की वापसी हुई है, जिन्होंने शोएब बशीर की जगह ली। वहीं, भारत ने इस मैच में तीन बदलाव किए हैं—करुण नायर की जगह साई सुदर्शन को मौका मिला है, अंशुल कंबोज को डेब्यू का मौका मिला है और शार्दुल ठाकुर की वापसी हुई है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11:
भारत: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अंशुल कंबोज।
इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), लियाम डॉसन, क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर।







