पवन कल्याण का बड़ा एलान: एक्टिंग छोड़ने की योजना, राजनीति को बताया प्राथमिकता

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

साउथ के पावर स्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने अपने करियर को लेकर बड़ा बयान दिया है। फिल्मों और राजनीति के बीच संतुलन बनाने की चुनौती झेल रहे अभिनेता ने साफ कर दिया है कि वो आने वाले समय में एक्टिंग छोड़ सकते हैं।

पवन कल्याण ने बताया कि उनकी प्राथमिकता अब प्रशासन और जनता की सेवा है। उन्होंने कहा कि वो ‘हरि हर वीरमल्लु’, ‘दे कॉल हिम ओजी’ और ‘उस्ताद भगत सिंह’ जैसी पेंडिंग फिल्मों की शूटिंग पूरी करेंगे, लेकिन इसके बाद वो एक्टिंग से दूरी बना सकते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि सत्ता में आने के बावजूद उन्होंने पुराने कमिटमेंट निभाने के लिए दिन में सिर्फ दो घंटे फिल्मों की शूटिंग की। साथ ही उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई नई फिल्म साइन नहीं की है।

राजनीति और फिल्मों के टकराव की स्थिति में पवन कल्याण ने साफ कहा, “मैं एक्टिंग छोड़ दूंगा क्योंकि मेरी पहली प्राथमिकता जनसेना पार्टी और राज्य की जनता है। हां, जरूरत पड़ने पर मैं फिल्म निर्माण में सक्रिय रहूंगा।”

फिलहाल, उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हरि हर वीरमल्लु’ 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जिसमें पवन कल्याण के साथ बॉबी देओल और निधि अग्रवाल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक ऐसे वीर डाकू की है जो कोहिनूर हीरे की तलाश में मुगल बादशाह औरंगजेब से टकरा जाता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment