बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: इस हफ्ते सिनेमाघरों में बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों की कई फिल्में दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। ‘मेट्रो इन दिनों’ और ‘जुरासिक वर्ल्ड रीबर्थ’ को खास तौर पर वीकएंड का भरपूर लाभ मिला है, जिससे इनकी कमाई में जबरदस्त उछाल आया है।

मेट्रो इन दिनों
अनुराग बसु द्वारा निर्देशित मल्टीस्टारर फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ ने रिलीज़ के दूसरे दिन शनिवार को 6 करोड़ रुपये की कमाई की। पहले दिन के 3.35 करोड़ रुपये मिलाकर अब तक फिल्म 9.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है। लगभग 100 करोड़ रुपये के बजट पर बनी यह फिल्म अब अपनी रफ्तार पकड़ती दिख रही है।

जुरासिक वर्ल्ड रीबर्थ
हॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘जुरासिक वर्ल्ड रीबर्थ’ ने भारतीय दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है। पहले दिन 9 करोड़ रुपये की कमाई के बाद, शनिवार को यह फिल्म 13 करोड़ रुपये का बिजनेस करने में सफल रही। अब तक इस फिल्म की कुल कमाई 22.01 करोड़ रुपये हो चुकी है।

एफ1
तेज़ रफ्तार पर बनी फिल्म ‘एफ1’ ने भी दर्शकों को खूब लुभाया। 27 जून को रिलीज हुई इस फिल्म ने शनिवार को 5.75 करोड़ रुपये की कमाई की। कुल मिलाकर यह फिल्म भारत में अब तक 44.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है।

सितारे जमीन पर
आमिर खान की प्रमुख भूमिका वाली ‘सितारे जमीन पर’ अब तक 142.55 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। शनिवार को इस फिल्म ने 4.75 करोड़ रुपये जोड़े, जबकि पहले हफ्ते में 88.9 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 46.5 करोड़ रुपये की कमाई की।

मां
काजोल अभिनीत ‘मां’ की पकड़ अब बॉक्स ऑफिस पर कमजोर होती नजर आ रही है। शनिवार को फिल्म ने केवल 1.75 करोड़ रुपये कमाए, जिससे कुल कमाई 29.25 करोड़ रुपये पर पहुंची।

कन्नप्पा
साउथ की पौराणिक फिल्म ‘कन्नप्पा’ की रफ्तार अब धीमी पड़ गई है। पहले दिन 9.35 करोड़ की कमाई करने के बाद शनिवार को यह फिल्म मात्र 50 लाख रुपये का ही कारोबार कर पाई। कुल मिलाकर इसने अब तक 31.13 करोड़ रुपये जुटाए हैं।






