भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की शैली की खुले तौर पर सराहना की है। वरुण का कहना है कि गंभीर ने टीम में एक ऐसी मानसिकता विकसित की है जिसमें हार और औसत प्रदर्शन के लिए कोई जगह नहीं रहती।
वरुण और गंभीर का साथ भारत की राष्ट्रीय टीम से पहले आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) टीम में भी रहा है। वरुण ने हाल ही में संपन्न हुए एशिया कप 2025 में भारतीय टीम का हिस्सा थे।
वरुण ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “मैं पहले भी आईपीएल में उनके साथ काम कर चुका हूं और 2024 में हमने जीत हासिल की थी। उनके नेतृत्व में टीम में हमेशा यह संदेश रहता है कि मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देना ही उद्देश्य है। औसत प्रदर्शन स्वीकार्य नहीं है। जब गंभीर होते हैं तो केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन ही चलता है।”
वरुण चक्रवर्ती ने रहस्यमयी स्पिनर की चर्चा पर भी की सफाई
वरुण ने बताया कि मीडिया ने उन्हें “रहस्यमयी स्पिनर” का दर्जा दिया, लेकिन वह खुद इसे स्वीकार नहीं करते। उन्होंने कहा, “मैंने कभी खुद को रहस्यमयी नहीं कहा। मैं हर गेंद को समान पकड़ और रिलीज पॉइंट से डालता हूं, जिससे बल्लेबाजों के लिए भांपना मुश्किल हो जाता है।”
एशिया कप में सोशल मीडिया से दूरी
एशिया कप के दौरान भारत को ट्रॉफी और पदक नहीं मिलने के बावजूद वरुण ने टीम के फोकस को अपराजेय बताया। उन्होंने कहा, “हम मैच से पहले रणनीति बनाते थे और पाकिस्तान से फाइनल से पहले दो बार खेल चुके थे। इसलिए हमें पता था कि क्या करना है। हम सभी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिए थे और केवल मैच के बाद पोस्ट करने के लिए ही इस्तेमाल किया। यूएई में माहौल शांत था।”







