अंडर-19 विश्व कप 2026: युवा खिलाड़ियों ने चयन को किया सार्थक, प्रशिक्षण व्यवस्था पर जताया आभार

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

      – वरिष्ठ खेल पत्रकार जसवंत क्लॉडियस की कलम से

क्रिकेट भारतीय उपमहाद्वीप की धड़कन है। भारत में यह सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि जुनून और भावना का प्रतीक है। युवाओं के बीच इस खेल की चमक बनाए रखने और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है।

हाल ही में जिम्बाब्वे में आयोजित अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व खिताब अपने नाम किया। इस जीत ने न केवल देश को गौरवान्वित किया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि चयन प्रक्रिया और प्रशिक्षण व्यवस्था कितनी मजबूत और प्रभावी है।

भारतीय क्रिकेट में उम्र आधारित संरचना—सब जूनियर, जूनियर और सीनियर—खिलाड़ियों को क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ने का अवसर देती है। कम उम्र से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जाता है, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

केवल प्रतिभा ही पर्याप्त नहीं होती। जुझारूपन, रणनीतिक सोच, दमखम (स्टेमिना) और दबाव की स्थिति में आत्मविश्वास—ये सभी गुण किसी भी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने इन सभी पहलुओं में खुद को साबित किया है।

आज भारतीय पुरुष टीम टेस्ट क्रिकेट में शीर्ष चार में शामिल है। एकदिवसीय और टी-20 प्रारूप में भारत की टीम विश्व स्तर पर अग्रणी मानी जाती है। टी-20 में तो भारत विश्व चैंपियन के रूप में अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए है। महिला क्रिकेट में भी भारत ने शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं और विश्व स्तर पर शीर्ष टीमों में अपनी जगह मजबूत की है।

बीसीसीआई खिलाड़ियों की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ता। राष्ट्रीय टीम में भले ही 15 खिलाड़ी होते हों, लेकिन उनके साथ कोच, फिजियोथेरेपिस्ट, खेल चिकित्सक, न्यूट्रिशन एक्सपर्ट, मनोवैज्ञानिक और मेंटर की पूरी टीम काम करती है। खिलाड़ियों की यात्रा, आवास, भोजन और फिटनेस का विशेष ध्यान रखा जाता है।

अंडर-19 विश्व कप 2026 की जीत इस बात का प्रमाण है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। युवा खिलाड़ियों ने न केवल अपने चयन को सही साबित किया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि मजबूत प्रणाली और सही मार्गदर्शन से सफलता निश्चित है।

यह जीत करोड़ों भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणा है—कि मेहनत, अनुशासन और सही दिशा मिले तो विश्व मंच पर तिरंगा लहराना संभव है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment