भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने विराट के बाहर होने और जायसवाल को टीम में शामिल किए जाने की पुष्टि की है।
विराट कोहली का टीम से बाहर होना भारत के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। हाल के महीनों में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और वह वनडे टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। कोहली अब भारत के लिए केवल वनडे क्रिकेट खेलते हैं। वह पहले ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
कोहली ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। हालांकि भारत वह सीरीज 2-1 से हार गया था, लेकिन विराट ने तीन मैचों में 240 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था। उनका औसत 80 और स्ट्राइक रेट 105.26 रहा था।
आईपीएल 2026 में भी विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने पूरे सीजन में 675 रन बनाए और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरा आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में उनकी नाबाद 75 रन की पारी टीम की जीत का आधार बनी थी।

विराट की गैरमौजूदगी में अब यशस्वी जायसवाल के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका होगा। फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू करने वाले यशस्वी ने अब तक केवल चार वनडे मैच खेले हैं। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ यह सीरीज उनके करियर के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला, दूसरा 17 जून को लखनऊ और तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। अब सभी की नजरें यशस्वी जायसवाल पर रहेंगी कि वह इस मौके का कितना फायदा उठा पाते हैं।






