कोहली के बल्ले से टूटा दशक पुराना रिकॉर्ड, लिस्ट-A में बने नंबर-1 बल्लेबाज

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

नई दिल्ली।भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला एक बार फिर इतिहास लिख रहा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार शतकीय प्रदर्शन के बाद अब विजय हजारे ट्रॉफी में भी कोहली ने अपनी क्लास साबित कर दी है। दिल्ली की ओर से खेलते हुए उन्होंने गुजरात के खिलाफ 77 रनों की शानदार पारी खेली और इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज माइकल बेवन का दशकों पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।

बीसीसीआई के निर्देश के बाद टीम इंडिया के कई सीनियर खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में नजर आ रहे हैं। विराट कोहली के साथ रोहित शर्मा और ऋषभ पंत भी विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे हैं। दिल्ली टीम की कप्तानी ऋषभ पंत के हाथों में है और उन्हीं के नेतृत्व में कोहली यह टूर्नामेंट खेल रहे हैं।

कोहली के नाम हुआ ऐतिहासिक रिकॉर्ड

गुजरात के खिलाफ खेली गई इस पारी के बाद विराट कोहली का लिस्ट-A क्रिकेट में औसत बढ़कर 57.87 हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने माइकल बेवन (57.86) को पीछे छोड़ते हुए कम से कम 5000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा औसत का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

माइकल बेवन ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था और तब से उनका यह रिकॉर्ड अटूट माना जा रहा था, लेकिन लगभग दो दशक बाद कोहली ने इसे तोड़ दिया।

विजय हजारे में शानदार फॉर्म

गुजरात के खिलाफ मुकाबले में कोहली ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 61 गेंदों पर 77 रन बनाए। इससे पहले आंध्र प्रदेश के खिलाफ उन्होंने जबरदस्त शतक जड़ा था, जहां उनके बल्ले से 101 गेंदों में 131 रन निकले थे। उस पारी में उन्होंने 14 चौके और 3 छक्के लगाए।

अब सिर्फ वनडे क्रिकेट

टीम इंडिया की 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद विराट कोहली ने टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद मई 2024 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। अब कोहली केवल वनडे फॉर्मेट में ही भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उनके बल्ले से लगातार दो शतक देखने को मिले थे।

कोहली की तुलना अक्सर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से की जाती है और उनके हालिया रिकॉर्ड यह साबित करते हैं कि वह विश्व क्रिकेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शामिल हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment