छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी की रफ्तार, कई जिलों में 42°C तक पहुंचेगा पारा!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कई इलाकों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। 14 अप्रैल के बाद प्रदेश के कई क्षेत्रों में लू चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया है कि सबसे ज्यादा गर्मी रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में महसूस की जा सकती है। इन इलाकों में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। आसमान साफ रहने के कारण धूप का असर बढ़ने लगा है। भले ही अभी तापमान सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया जा रहा हो, लेकिन धीरे-धीरे इसमें तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 37 से बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। इस दौरान प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इस अवधि में राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई।

सिनॉप्टिक सिस्टम की स्थिति:

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और विदर्भ से लेकर मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु तक फैले क्षेत्र के ऊपर उत्तर-दक्षिण दिशा में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

रायपुर का मौसम:

आज राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान है। दिन के समय अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment