रायपुर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने देशभर में मनी लॉन्ड्रिंग और साइबर अपराध के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन में रायपुर जोनल कार्यालय पूरे देश में सबसे आगे रहा है। मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों को पीछे छोड़ते हुए रायपुर ईडी ने अकेले 8,000 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का पर्दाफाश किया है। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप से जुड़ी जांच में अब तक 2,311 करोड़ रुपये फ्रीज किए जा चुके हैं और 13 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
श्रीनगर में हुई समीक्षा बैठक में ईडी प्रमुख राहुल नवीन ने जानकारी दी कि 2020 से अब तक एजेंसी ने देशभर में 28,000 करोड़ रुपये की अवैध कमाई और 8,500 करोड़ की संपत्तियों की पहचान की है। अब तक 106 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं और विदेशी गिरोहों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई जारी है।
देशभर में ईडी की कार्रवाई – रायपुर सबसे आगे
- रायपुर: ₹8,000 करोड़
- मुंबई: ₹6,000 करोड़
- दिल्ली: ₹5,300 करोड़
- हैदराबाद: ₹2,600 करोड़
इस तरह रायपुर कार्यालय ने साइबर अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में सबसे बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।
महादेव एप केस में अब तक की बड़ी कार्रवाई
- 160 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी
- ₹19 करोड़ नकद जब्त
- ₹17 करोड़ के आभूषण व संपत्ति बरामद
- बैंक और डीमैट खातों में रखे ₹2,311 करोड़ फ्रीज
- अब तक 13 गिरफ्तारियां
- मास्टरमाइंड का प्रत्यर्पण प्रक्रिया यूएई से जारी
महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप अब तक का सबसे बड़ा सट्टेबाजी घोटाला साबित हुआ है, जिसकी जांच रायपुर ईडी कर रहा है।







