रायपुर।राजधानी रायपुर में पुलिस आयुक्त प्रणाली के लागू होते ही प्रशासनिक स्तर पर अहम बदलाव देखने को मिल रहे हैं। 23 जनवरी से रायपुर में औपचारिक रूप से पुलिस आयुक्त प्रणाली की शुरुआत हो चुकी है। इसके तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं बिलासपुर रेंज के पूर्व पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए पूर्व में जारी सभी ट्रांसफर आदेशों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। यह आदेश पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू होने से पहले जारी किए गए स्थानांतरण आदेशों पर लागू होगा।
जारी आदेश के अनुसार, आरक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के संबंध में पूर्व में किए गए सभी स्थानांतरण आदेशों पर रोक लगा दी गई है। साथ ही, पुलिस आयुक्त प्रणाली के अंतर्गत नई पदस्थापना प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को रवानगी नहीं दी जाएगी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जब तक पुलिस आयुक्त प्रणाली पूरी तरह स्थिर नहीं हो जाती, तब तक न तो पुराने आदेशों के तहत कार्य किया जाएगा और न ही किसी नई पदस्थापना को अमल में लाया जाएगा।
पुलिस आयुक्त प्रणाली के लागू होने के बाद रायपुर पुलिस प्रशासन के ढांचे में व्यापक बदलाव की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इस नई व्यवस्था से राजधानी की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।



