SEAT-26 परीक्षा को लेकर वायरल फर्जी निर्देश पत्र, CG Vyapam ने दर्ज कराई FIR

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।सहायक शिक्षक एवं व्याख्याता भर्ती परीक्षा 2026 (SEAT-26) को लेकर सोशल मीडिया पर एक फर्जी निर्देश पत्र के वायरल होने से हड़कंप मच गया है। भ्रामक जानकारी फैलाने वाले इस दस्तावेज को लेकर छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस में FIR दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति या समूह द्वारा SEAT-26 परीक्षा से जुड़ा एक नकली निर्देश पत्र तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किया गया। इस फर्जी दस्तावेज में परीक्षा प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों को लेकर गलत जानकारियां दी गई थीं, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भ्रमित हो गए।

मामले की जांच के बाद CG Vyapam के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वायरल किया गया निर्देश पत्र पूरी तरह असत्य और भ्रामक है। इसके बाद मंडल के कंट्रोलर हिमांशु अग्रवाल ने नया रायपुर स्थित राखी थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

FIR में अज्ञात आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे सार्वजनिक रूप से वायरल करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह भ्रामक पत्र किसने और किस उद्देश्य से फैलाया।

CG Vyapam ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या सोशल मीडिया पर वायरल सूचनाओं पर भरोसा न करें। मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित सभी प्रामाणिक और आधिकारिक जानकारियां केवल Vyapam की वेबसाइट एवं अधिकृत माध्यमों से ही जारी की जाएंगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment