दुर्ग विश्वविद्यालय में बड़ा फेरबदल, भूपेंद्र कुलदीप मंत्रालय अटैच, डॉ. अनिल पांडेय नए प्रभारी कुलसचिव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दुर्ग/रायपुर।हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में गबन के आरोप में कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी नए आदेश के तहत शासकीय वी. वाय. टी. स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में इतिहास के प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को विश्वविद्यालय का नया प्रभारी कुलसचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप को पद से हटाते हुए उच्च शिक्षा संचालनालय, इंद्रावती भवन (नवा रायपुर) में पदस्थ (अटैच) कर दिया गया है।

डॉ. अनिल कुमार पांडेय को सौंपी गई कमान
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार, डॉ. अनिल कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में प्रभारी कुलसचिव का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. पांडेय वर्तमान में शासकीय वी. वाय. टी. महाविद्यालय, दुर्ग में इतिहास विभाग के अध्यक्ष एवं प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं।

वेतन गबन मामले में कार्रवाई
यह पूरा मामला विश्वविद्यालय में कार्यरत एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन भुगतान में हुई कथित धोखाधड़ी और गबन से जुड़ा हुआ है। मामले की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज की थी।

इसके बाद मोहन नगर पुलिस ने अमानत में खयानत और गबन के आरोप में तात्कालीन कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल शासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए भूपेंद्र कुलदीप को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक दायित्व से मुक्त कर दिया और संचालनालय में अटैच करने का आदेश जारी कर दिया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment