भिलाई:छत्तीसगढ़ प्रदेश युवक कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के दौरान भिलाई में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा हो गया। पावर हाउस स्थित शासकीय आईटीआई (ITI) के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर दो गुटों के बीच तीखी बहस और विवाद होता साफ दिख रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक कांग्रेस की वोटिंग प्रक्रिया के दौरान एक गुट ने दूसरे पक्ष पर बाहर से लोगों को लाकर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाया। इस आरोप के बाद दोनों गुटों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि मामले की शिकायत चुनाव प्रभारी से करने की तैयारी की जा रही है। प्रदेशभर में 29 सितंबर की शाम तक युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की वोटिंग प्रक्रिया जारी है, लेकिन भिलाई में फर्जी वोटिंग के इस विवाद ने चुनावी माहौल को काफी गरमा दिया है।





