राष्ट्रीय राजधानी में हुए लाल किला बम धमाके ने देशभर में सनसनी फैला दी है। धमाके के बाद अब भी कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं—क्या खुफिया एजेंसियां सचेत थीं या लापरवाही हुई? क्या इस विस्फोट का लक्ष्य भीड़ थी या कोई खास जगह?
घटना के बाद से जांच एजेंसियों पर सवालों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। दिल्ली जैसे हाई सिक्योरिटी जोन में कार बम धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
मुख्य सवाल जो उठे
- अलर्ट के बावजूद सुरक्षा में कहां चूक हुई?
- अगर पहले से खुफिया जानकारी थी तो कार और विस्फोटक राजधानी के सबसे संवेदनशील इलाके में कैसे पहुंच गए?
- क्या चेकिंग पॉइंट्स पर लापरवाही हुई?
- पार्किंग में तीन घंटे तक खड़ी रही कार पर किसी ने ध्यान क्यों नहीं दिया?
- विस्फोटक सामग्री कहां से और कैसे लाई गई?
- फंडिंग और सप्लाई चैन कहां से ऑपरेट हो रही थी?
- क्या आरोपी उमर मोहम्मद अकेला था या इसके पीछे बड़ा मॉड्यूल काम कर रहा है?
- क्या इस साजिश में किसी यूनिवर्सिटी या डॉक्टर का नेटवर्क भी शामिल है?
दिल्ली पुलिस ने एफआईआर में माना – यह बम विस्फोट था
दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी में पुष्टि की है कि यह एक “बम ब्लास्ट” था, किसी सिलेंडर विस्फोट जैसी दुर्घटना नहीं।
पुलिस ने इस मामले में यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम), विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराएं लगाई हैं।
एफआईआर की प्रमुख धाराएं
- यूएपीए धारा 16 और 18: आतंकवादी हमले और साजिश से संबंधित
- विस्फोटक अधिनियम धारा 3 और 4: विस्फोट और प्रयास से जुड़ी धाराएं
- बीएनएस धारा 103(1), 109(1), 161(2): हत्या, हत्या के प्रयास और अधिकारी पर हमले के लिए उकसाने के मामले
एफआईआर के मुताबिक, धमाके में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस चौकी की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास खड़ी कई कारें जलकर राख हो गईं।
धमाके की टाइमलाइन
- 3:19 PM: संदिग्ध आई-20 कार पार्किंग में दाखिल हुई
- 6:48 PM: कार पार्किंग से बाहर निकली
- 6:52 PM: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में जोरदार विस्फोट हुआ
इस धमाके में 10 लोगों की मौत और 24 घायल हुए। आसपास खड़ी कई गाड़ियां जल गईं और इलाके में अफरातफरी मच गई।
संदिग्ध के तीन घंटे पार्किंग में रहने से बढ़ी जांच की दिशा
सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध कार से बाहर नहीं निकला और किसी के संकेत या निर्देश का इंतजार करता दिखा। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या वह किसी स्लीपर सेल के संपर्क में था या किसी नेटवर्क के निर्देश की प्रतीक्षा कर रहा था।
जांच एजेंसियां हाई अलर्ट पर
घटना के बाद से दिल्ली पुलिस, एनआईए और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
राजधानी के सभी रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और बस अड्डे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
लाल किला ब्लास्ट ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
कई जांचें जारी हैं, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चूक कहां हुई, और साजिश कितनी गहरी है।







