सीलबंद शराब की बोतल में निकले कांच के टुकड़े, कांग्रेस बोले— आम जनता के जान से खिलवाड़!

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में देशी शराब दुकान से खरीदी गई “रोमियो ब्रांड” की सीलबंद पौवा में कांच के छोटे-छोटे टुकड़े मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। आबकारी विभाग ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में जनता की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रही है और आबकारी विभाग के अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार यह मामला तांदुला डैम के पास स्थित देशी शराब दुकान का है। बुधवार को एक व्यक्ति ने वहां से रोमियो ब्रांड की पौवा खरीदी थी। जब उसने बोतल खोली तो उसमें कांच के टुकड़े दिखाई दिए। उसने तुरंत दुकान पर इसकी शिकायत भी की।

इसके बाद यह मामला राजनीतिक स्तर तक पहुंच गया और कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो में बोतल के अंदर कांच के छोटे टुकड़े साफ नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति यह शराब पी लेता, तो उसकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था। कांच के टुकड़े शरीर के अंदर जाकर पेट और आंतों को नुकसान पहुंचा सकते थे।

वहीं कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया है कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

इस मामले में जिला आबकारी अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी ने कहा है कि जांच की जाएगी कि गलती वेयरहाउस स्तर पर हुई है या सप्लाई करने वाली कंपनी से। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। अगर ज्यादा मात्रा में ऐसी शिकायतें मिलती हैं तो संबंधित ब्रांड की सप्लाई पर रोक भी लगाई जा सकती है, और सीमित मामलों में सप्लायर से भरपाई कराई जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment