जगदलपुर।शहर से लगे नगरनार कस्बे के बीच बाजार में स्थित एक एटीएम को बीती रात चोरों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने एटीएम को उखाड़कर अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन वे अपने इरादे में सफल नहीं हो सके। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
नगरनार बाजार में मेन रोड किनारे लगे इंडिया-1 के एटीएम में देर रात चोरी की कोशिश हुई। पहले चोरों ने एटीएम मशीन को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने की कोशिश की, लेकिन जब वे इसमें कामयाब नहीं हुए तो रस्सी बांधकर किसी वाहन की मदद से पूरी मशीन को खींचकर उखाड़ दिया। चोर एटीएम को बूथ से करीब 50 मीटर दूर तक घसीटकर ले गए। इसी दौरान किसी वजह से वे एटीएम वहीं छोड़कर फरार हो गए। माना जा रहा है कि मशीन ज्यादा भारी होने या किसी के आ जाने की आशंका के चलते चोर भाग निकले। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि एटीएम से कोई रकम निकाली गई या नहीं। एटीएम का संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारी रायपुर से पहुंच रहे हैं। उनके आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सुबह जब लोगों ने सड़क पर एटीएम पड़ा देखा तो सभी हैरान रह गए।

एटीएम बूथ में नहीं थे कैमरे
गौरतलब है कि नगरनार में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) का बड़ा स्टील प्लांट संचालित है, जहां दूसरे राज्यों से आए हजारों कर्मचारी और मजदूर काम करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाजार चौक में घटना स्थल के पास पुलिस विभाग ने पहले तीन सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, लेकिन अप्रैल महीने में मरम्मत के नाम पर उन्हें हटा दिया गया। इसके बाद अब तक कैमरे दोबारा नहीं लगाए गए। लोगों का मानना है कि चोरों ने इसी लापरवाही का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।

कर रहे हैं जांच
नगरनार थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि चोर एटीएम में तोड़फोड़ करने के बाद उसे करीब 50 मीटर तक घसीटकर ले गए थे, लेकिन अपने मकसद में सफल नहीं हो सके। रायपुर से एटीएम कंपनी के अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच रही है। मामले की जांच की जा रही है।





