दुर्ग जनपद पंचायत के निलंबित मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रूपेश पांडेय का मामला अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा नेता एवं पूर्व सरपंच पुराण देशमुख के साथ विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद हुई निलंबन कार्रवाई के कुछ ही घंटों बाद रूपेश पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की।
जानकारी के अनुसार, काँग्रेस जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भूपेश बघेल पूर्व विधायक अरुण वोरा के निवास पहुंचे। इसी दौरान निलंबित सीईओ रूपेश पांडेय भी वहां पहुंचे और उन्होंने अपने निलंबन से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, अरुण वोरा के घर हुई इस मुलाकात में पांडेय ने कार्रवाई को एकपक्षीय बताते हुए अपना पक्ष रखा।
मीडिया से चर्चा में रूपेश पांडेय ने कहा कि उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि वे मुख्य सचिव से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। यदि न्याय नहीं मिला तो हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे।
गौरतलब है कि भाजपा नेता पुराण देशमुख और रूपेश पांडेय के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया था। अब भूपेश बघेल और अरुण वोरा से हुई मुलाकात के बाद यह मामला राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है।






