बेमेतरा। सामूहिक विवाह समारोह में प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं में कथित चूक का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी के बीच हुई अव्यवस्थाओं पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई।

घटना के बाद दुर्ग संभाग के कमिश्नर और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल सहित अन्य संबंधित स्थानों का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि व्यवस्थाओं में हुई चूक, वीआईपी प्रोटोकॉल के पालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है। जांच के दायरे में आयोजन से जुड़े प्रशासनिक अधिकारी, सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले अधिकारी और कार्यक्रम संचालन से जुड़े जिम्मेदार कर्मचारी शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट 24 से 72 घंटे के भीतर तैयार की जा सकती है। इसके बाद विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। जरूरत पड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी सिफारिश की जा सकती है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चूक के लिए कौन जिम्मेदार है। इस घटनाक्रम के बाद जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं और वीआईपी प्रोटोकॉल के पालन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।






