नई दिल्ली।एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की तबीयत अचानक बिगड़ने से राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल है। सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी-कफ की शिकायत के बाद उन्हें पुणे के प्रसिद्ध रूबी हॉल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शरद पवार को बारामती स्थित गोविंदबाग निवास से विशेष कार्डियक एम्बुलेंस के काफिले में पुणे ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनकी गहन जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पवार पिछले कुछ दिनों से असहज महसूस कर रहे थे। सोमवार सुबह गोविंदबाग में ही डॉक्टरों की एक टीम ने करीब एक घंटे तक उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद बेहतर इलाज और निगरानी के लिए उन्हें पुणे ले जाने की सलाह दी गई।
हालिया व्यस्तताओं से बढ़ी थकान
सूत्रों के मुताबिक, बीते दिनों शरद पवार ने सीमित सार्वजनिक कार्यक्रमों में ही हिस्सा लिया था, लेकिन हाल के दिनों में उन्होंने कई नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात की। लगातार बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों के चलते वे काफी थकान महसूस कर रहे थे, जिसका असर उनकी सेहत पर पड़ा।
फिलहाल शरद पवार को एहतियातन मास्क पहनाकर अलग वाहन से अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी स्थिति स्थिर है और सभी आवश्यक मेडिकल जांच की जा रही है।
उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए पार्टी नेताओं और समर्थकों की ओर से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।







