काले जहरीले पानी से बेहाल नगरनार के ग्रामीण, खेतों की उर्वरा शक्ति हो रही नष्ट

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

जगदलपुर।NMDC के नगरनार स्टील प्लांट से निकलने वाला केमिकल मिला गंदा पानी एक बार फिर खेतों में नुकसान पहुंचा रहा है। कई गांवों के किसान इस खरीफ सीजन में धान की फसल के लिए अपने खेत तैयार नहीं कर पा रहे हैं। दूसरी तरफ यही गंदा पानी जगदलपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़क पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

बस्तर जिले के नगरनार में स्टील प्लांट लगाने के लिए NMDC को अपनी जमीन देने के बाद अब स्थानीय लोग मुश्किल हालात से गुजर रहे हैं। अगर यह स्थिति देखनी हो तो नगरनार स्टील प्लांट के पीछे गेट नंबर-3 के सामने का इलाका देखना काफी है।

प्लांट से निकलने वाला केमिकल मिला काला और जहरीला पानी सड़कों से होते हुए खेतों तक पहुंच रहा है। इससे किसानों की जमीन खराब हो रही है और खेतों की उपजाऊ शक्ति लगातार कम हो रही है। खेतों में गंदा और बदबूदार पानी भरा रहने की वजह से किसान इस सीजन में खरीफ फसल की तैयारी भी नहीं कर पा रहे हैं।

प्लांट के पीछे बसे गांवों के लोगों का कहना है कि यह काला पानी अब उनके घरों तक भी पहुंचने लगा है। इससे घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बच्चों के साथ-साथ पालतू जानवरों को संभालना भी परेशानी बन गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात से पहले कई बार प्लांट प्रबंधन से नाला बंद करने और दूषित पानी की सफाई की मांग की गई थी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। अब इस लापरवाही का असर गांव के लोग झेल रहे हैं।

ग्रामीणों की शिकायत पर जब NMDC प्रबंधन से बात करने की कोशिश की गई तो अधिकारियों ने सिर्फ “देखते हैं” कहकर फोन काट दिया।

इसी तरह बचेली और किरंदुल में भी लोग NMDC की खदानों से निकलने वाले लाल पानी से परेशान हैं। वहीं नगरनार में लोग प्लांट से निकल रहे काले पानी से बेहाल हैं।

किसानों का कहना है कि इस गंदे काले पानी की वजह से उनके खेतों की उपजाऊ क्षमता तेजी से घट रही है, जिससे आने वाले समय में खेती करना और मुश्किल हो सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment