आज से पटरी पर लौटेगी कार्यवाही, “सहमति बन गई है”: राहुल गांधी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली।लोकसभा में पिछले कई दिनों से जारी सियासी गतिरोध के खत्म होने के संकेत अब साफ़ नज़र आने लगे हैं। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ फ्लोर लीडर्स की अहम बैठक के बाद विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि सदन के सुचारू संचालन को लेकर एक समझौता हो गया है।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने बताया कि इस बात पर सहमति बनी है कि लोकसभा की कार्यवाही 10 फरवरी से सामान्य और व्यवस्थित रूप से चलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की प्रमुख मांग थी कि उसे अपनी बात सदन में रखने का पूरा अवसर मिले, जिस पर अब सहमति बन चुकी है।

राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा,

“हम सदन में जो मुद्दे उठाना चाहते हैं, वह हमें बोलने दिया जाएगा। इसी सहमति के आधार पर आगे की कार्यवाही चलेगी।”

गौरतलब है कि बीते कई दिनों से लोकसभा में हंगामे, नारेबाज़ी और कार्यवाही के बार-बार स्थगित होने के कारण संसद का कामकाज ठप पड़ा था। इससे न सिर्फ़ विधायी कार्य प्रभावित हो रहे थे, बल्कि अहम राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा भी नहीं हो पा रही थी।

अब स्पीकर ओम बिरला के साथ हुई बैठक और सरकार-विपक्ष के बीच बनी इस वर्किंग अंडरस्टैंडिंग के बाद राजनीतिक गलियारों में यह माना जा रहा है कि संसद का गतिरोध जल्द टूटेगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया फिर से पटरी पर लौटेगी। 10 फरवरी से लोकसभा के सुचारू संचालन की उम्मीद मजबूत हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment