पटना। बिहार में एनडीए (Bihar NDA) के घटक दलों के बीच सीटों का बंटवारा लगभग तय हो गया है। भाजपा (BJP) की प्रदेश इकाई ने संकेत दिए हैं कि गठबंधन में सीट शेयरिंग पर सहमति बन चुकी है और इसकी औपचारिक घोषणा आज की जा सकती है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार देर शाम पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि सभी सहयोगी दलों के बीच बातचीत पूरी हो चुकी है। अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है, जो आज या शनिवार की शाम तक कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सीटों के बंटवारे के बाद प्रत्याशियों की सूची चरणवार जारी की जाएगी। जायसवाल ने दावा किया कि जल्द ही महागठबंधन (Mahagathbandhan) के कई वरिष्ठ नेता और विधायक भाजपा का दामन थामने वाले हैं। उन्होंने कहा, “अगले दो दिनों में महागठबंधन में बड़ी भगदड़ देखने को मिलेगी।”
सूत्रों के अनुसार, जायसवाल शुक्रवार देर रात दिल्ली रवाना हुए, जहां सीट बंटवारे की अंतिम सूची को लेकर शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक होगी।
केंद्रीय चुनाव समिति और संसदीय बोर्ड बैठक पर नजर
भाजपा सूत्रों के अनुसार, शनिवार को केंद्रीय चुनाव समिति और रविवार को संसदीय बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है। इन बैठकों में सीटों की अंतिम सूची पर मुहर लगाई जाएगी।
जैसे ही दिल्ली में बैठकों की खबर फैली, भाजपा के कई विधायक और टिकट दावेदार दिल्ली पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली में दर्जनों नेता टिकट की उम्मीद में कैंप कर रहे हैं।
बिहार NDA में उत्साह, महागठबंधन में चिंता
एनडीए खेमे में सीट बंटवारे की सहमति के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वहीं, महागठबंधन के भीतर नेताओं के भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं ने चिंता बढ़ा दी है।







