रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर सांसद और वरिष्ठ नेता आज आरंग विकासखंड के समोदा स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ भी हितग्राहियों को दिलाए।
जनता के बीच पहुंची सरकार
कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सुशासन का मतलब है कि प्रशासन खुद लोगों तक पहुंचे और उनकी समस्याएं वहीं हल हों।
अधिकारियों को कड़ी चेतावनी
शिविर के दौरान नायब तहसीलदार की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की। इस पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी को फटकार लगाई और 3 दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेना जरूरी है, किसी को भी गुमराह नहीं किया जाना चाहिए।

विकास कार्यों की घोषणाएं
सांसद ने कई विकास कार्यों की घोषणा और निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समोदा में स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 15 दिन के भीतर अस्थायी भवन में शुरू किया जाए। बनरसी में धान मंडी के लिए जगह का चयन ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर किया जाएगा। ओलावृष्टि और बाढ़ राहत की रुकी हुई राशि तुरंत देने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना और गैस कनेक्शन के मामलों में किसी भी पात्र व्यक्ति का आवेदन रोका या रिजेक्ट नहीं होना चाहिए।
वार्ड क्रमांक 9 में खेत से खेत तक सीसी रोड निर्माण के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई। साथ ही आंगनबाड़ी भवन बनाने की भी मंजूरी दी गई।

हितग्राहियों को मिला लाभ
शिविर में कई योजनाओं के तहत लोगों को लाभ दिया गया। नवजात बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया और किशोरियों को हेल्थ किट बांटे गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के तहत 52 लोगों को नए घर की चाबी सौंपी गई।
इसके साथ ही छात्रों को प्रशस्ति पत्र दिए गए, ई-श्रम कार्ड, भवन अनुज्ञा पत्र, किसान किताब और आय प्रमाण पत्र भी बांटे गए। युवाओं को लर्निंग लाइसेंस दिए गए और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल देने के लिए आवेदन पर एक सप्ताह में व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में नगर पालिका आरंग के अध्यक्ष संदीप जैन, समोदा नगर पंचायत अध्यक्ष छोटेलाल सोनकर, देव कुमार साहू, कृष्ण कुमार भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



