रायपुर। जल जीवन मिशन से जुड़े ठेकेदारों की मांगों और लगातार किए जा रहे आंदोलन के बीच राज्य सरकार ने अहम बैठक बुलाई है। छत्तीसगढ़ कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष बीरेश शुक्ला के अनुसार, उपमुख्यमंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में 20 जुलाई को दोपहर 1 बजे नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में जल जीवन मिशन के प्रबंध संचालक (एमडी) अब्दुल केशर हक और डिप्टी एमडी चन्द्रवंशी भी मौजूद रहेंगे। एसोसिएशन का कहना है कि संगठन के प्रयासों, आंदोलन और लगातार हुई चर्चाओं के बाद यह बैठक संभव हो सकी है।
बैठक में जल जीवन मिशन से जुड़े ठेकेदारों के लंबित भुगतान, कार्यों में आ रही समस्याओं और अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ कॉन्ट्रेक्टर एसोसिएशन ने प्रदेशभर के सभी जल जीवन मिशन के ठेकेदारों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष बीरेश शुक्ला ने उम्मीद जताई है कि उपमुख्यमंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ होने वाली इस बैठक में ठेकेदारों की लंबित समस्याओं का समाधान निकालने की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।





