दीया तले अंधेरा! नगर निगम के सामने ही पानी का संकट, बूंद-बूंद को तरसे लोग

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जगदलपुर।शहर में पेयजल व्यवस्था की हकीकत कुछ ऐसी है कि नगर निगम कार्यालय के ठीक सामने बसे गांधीनगर वार्ड क्रमांक 22 के लोग पिछले चार दिनों से पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं। नलों में पानी नहीं आने से वार्डवासियों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लगातार बनी इस समस्या को लेकर लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वार्ड के लोगों ने इसकी जानकारी पार्षद मनप्रीत कौर को दी। पार्षद ने बताया कि मामले से नगर निगम आयुक्त को अवगत कराया जा चुका है और जल्द समाधान का आश्वासन भी मिला था, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

पार्षद का कहना है कि वार्ड के तीन जल वाल्व में लीकेज है, जिसकी जानकारी कई बार नगर निगम को दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ। फिलहाल लोगों की जरूरत पूरी करने के लिए टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है।

पाइप लाइन लीकेज से गंदा पानी पहुंचने का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में पानी सप्लाई का कोई तय समय नहीं है। कभी भी पानी छोड़ दिया जाता है और कुछ देर बाद बंद कर दिया जाता है। कई जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से नालियों का गंदा पानी पाइप में मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। इससे लोगों को दूषित पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है और बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

जल विभाग ने जल्द सुधार का दिया भरोसा

नगर निगम के जल कार्य विभाग के प्रभारी सुरेश गुप्ता ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाने और अतिक्रमण किए जाने से पानी का दबाव प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं मौके का निरीक्षण करेंगे और जल्द जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू कराया जाएगा। तब तक वार्ड में टैंकरों के माध्यम से नियमित पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment