रायगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में चाचा-भतीजे की जान चली गई। ग्राम मुड़ापार में रहने वाले 25 वर्षीय निर्मल नागवंशी अपने 12 वर्षीय भतीजे शिवा नागवंशी के साथ खेत में आलू की फसल की सिंचाई करने गए थे। खेत में सिंचाई के लिए मोटर पंप चलाने हेतु उन्होंने बिजली का कनेक्शन जोड़ा था। इसी दौरान अचानक बिजली का बोर्ड जमीन पर गिर गया। निर्मल जैसे ही उसे उठाने गया, वह करंट की चपेट में आ गया।
निर्मल को करंट में फंसा देख भतीजा शिवा उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो गांव में मातम छा गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि दोनों की मौत करंट लगने से हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा गांव के लिए गहरा सदमा बन गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



