राजद शासन में बिहार का विकास रुका, उद्योग और निवेशक भागे — भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा का पलटवार

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राजद के शासनकाल में बिहार पूरी तरह से पिछड़ गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में उद्योग धंधे बंद हो गए, निवेशक भाग गए, और राज्य में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था।

भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव को अब पलायन की चिंता हो रही है, लेकिन वे यह भूल गए हैं कि 1990 के दशक में जब राजद की सरकार थी, तभी बिहार का आर्थिक ढांचा चरमरा गया था। उन्होंने कहा, “वही समय था जब उद्योग लगाने वाले यहां आना नहीं चाहते थे और लाखों लोग रोज़गार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हुए।”

तेजस्वी को अपने परिवार से पूछना चाहिए कारण:
ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि अगर तेजस्वी यादव को सच में राज्य की चिंता है, तो उन्हें अपने पिता लालू प्रसाद यादव और मां राबड़ी देवी से पूछना चाहिए कि उस समय ऐसा माहौल क्यों बना। उन्होंने कहा कि “राजद के माफिया राज ने पढ़ाई, व्यापार और रोज़गार के सभी रास्ते बंद कर दिए थे।”

‘बाहरी शक्तियों’ वाले बयान पर सवाल:
तेजस्वी यादव के “बाहरी शक्तियों” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतुराज सिन्हा ने कहा, “क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाहरी हैं? वे ही आज बिहार को विकास की नई दिशा दे रहे हैं। जब मोदी जी बिहार के लिए काम कर रहे हैं, तो तेजस्वी यादव को दिक्कत क्यों है?”

महिलाओं को मिला नया संबल:
ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव के “हर घर नौकरी” जैसे वादे सिर्फ जनता को भ्रमित करने के लिए हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है, जबकि राजद शासन में महिलाएं भय के कारण घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं।

‘अब लालटेन नहीं, विकास का युग’:
भाजपा नेता ने कहा कि बिहार अब विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। जनता यह तय कर चुकी है कि लालटेन युग कभी वापस नहीं आएगा। प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू और प्रभात मालाकार भी मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment