हिमाचल प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले चार नगर निगमों के चुनाव को राजनीतिक तौर पर सेमीफाइनल माना जा रहा था, जिनके नतीजे अब सामने आ गए हैं। इन नतीजों में सत्तारूढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जबकि विपक्षी दल बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार में से तीन नगर निगमों में जीत हासिल की है।
भाजपा ने मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई वाली कांग्रेस को सिर्फ पालमपुर नगर निगम में जीत मिल पाई है।
कुल 63 वार्डों के नतीजों में भाजपा ने 37 सीटें जीतीं, कांग्रेस को 23 सीटें मिलीं और 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। 17 मई को मतदान हुआ था और 31 मई को नतीजे घोषित किए गए।
| नगर निगम | कुल वार्ड | भाजपा (BJP) | कांग्रेस (INC) | निर्दलीय (IND) | नतीजा/स्थिति |
|---|---|---|---|---|---|
| मंडी | 14 | 12 | 01 | 01 | भाजपा का एकतरफा कब्जा |
| धर्मशाला | 17 | 11 | 05 | 01 | भाजपा ने कांग्रेस से छीना |
| सोलन | 17 | 10 | 06 | 01 | भाजपा ने कांग्रेस को पछाड़ा |
| पालमपुर | 15 | 04 | 11 | 00 | कांग्रेस का गढ़ बरकरार |
| कुल योग | 63 | 37 | 23 | 03 | — |





