लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मंगलवार को बेगूसराय में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “बिहार को अब विकास की नई उड़ान के लिए उत्तर प्रदेश की तरह डबल इंजन सरकार की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने जिस तरह विकास की दिशा में क्रांति की है, बिहार को भी उसी राह पर आगे बढ़ना होगा। चिराग ने कहा कि “जब तक बिहार को विकसित राज्य नहीं बना दूं, तब तक चैन से नहीं बैठूंगा।”
राजद पर चिराग का तीखा हमला
चिराग पासवान ने राजद (RJD) पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि अगर ये लोग सत्ता में आए तो भ्रष्टाचार और जंगलराज एक बार फिर लौट आएगा। उन्होंने कहा कि “ये लोग हमेशा केंद्र सरकार को दोष देते हैं और बहाना बनाते हैं कि हमारी सरकार केंद्र में नहीं है, इसलिए विकास नहीं हो पा रहा।”
लोजपा (रा) प्रमुख ने आगे कहा कि कई विरोधी दल उन्हें और उनकी पार्टी को खत्म करने की साजिश रच रहे हैं, लेकिन “मैं शेर का बेटा हूं, मुझे कोई मिटा नहीं सकता।”
‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ का नारा दोहराया
चिराग पासवान ने अपने मिशन ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ को दोहराते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि बिहार के लोग अपने जिले में ही सभी जरूरी काम करवा सकें। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि बिहार को आत्मनिर्भर बनाया जाए ताकि युवाओं को पलायन न करना पड़े।
एनडीए प्रत्याशी को समर्थन की अपील
बेगूसराय के खोदाबंदपुर प्रखंड मैदान में आयोजित इस सभा में चिराग पासवान ने एनडीए प्रत्याशी अभिषेक आनंद (JDU) के लिए वोट की अपील की। उन्होंने मंच से अभिषेक आनंद को “विजय माला” पहनाकर आशीर्वाद दिया और कहा कि एनडीए की जीत ही बिहार के विकास की जीत है।
सभा में चिराग को देखने और सुनने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी रही। हेलीपैड से लेकर मंच तक माहौल जोश और उत्साह से भरा रहा। समर्थक मोबाइल कैमरे से लगातार चिराग के भाषण और तस्वीरें रिकॉर्ड करते नजर आए।
इस मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष रुदल राय, पूर्व मंत्री मंजू वर्मा और एनडीए के सभी घटक दलों के नेता मौजूद रहे।



