भोजपुर (बिहार): विधानसभा चुनाव के बीच भोजपुर जिले में जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. विजय गुप्ता के काफिले पर हमला होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना पिरौटा गांव के पास की बताई जा रही है, जहां एक युवक ने अचानक उनकी गाड़ी के काफिले को रोककर हंगामा किया और कार्यकर्ताओं की गाड़ी पर हमला बोल दिया।
जानकारी के अनुसार, डॉ. विजय गुप्ता अपने चुनाव प्रचार अभियान से लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात युवक ने उनकी टीम की गाड़ी पर चढ़कर गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणियां शुरू कर दीं। इसके बाद उसने गाड़ी का शीशा तोड़ दिया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
काफिले पर हमला, प्रत्याशी सुरक्षित:
घटना के समय डॉ. विजय गुप्ता दूसरी गाड़ी में मौजूद थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने काफी प्रयास के बाद आरोपी युवक को काबू में किया।
“हमला एक सोची-समझी साजिश” — डॉ. विजय गुप्ता
हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा, “यह हमला हमारी आवाज दबाने की कोशिश है। हम जनता के बीच विकास और जनहित की बात कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग लोकतंत्र को हिंसक रूप देने की साजिश कर रहे हैं। हम डरने वाले नहीं हैं।”
पुलिस ने शुरू की जांच:
घटना के बाद भोजपुर पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाने शुरू कर दिए हैं। पूरे मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चुनावी तनाव बढ़ गया है।







