पटना।बिहार में भारतीय चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान के विरोध में आज 9 जुलाई को महागठबंधन ने राज्यभर में चक्का जाम किया। राजधानी पटना समेत कई जिलों में सड़कों पर प्रदर्शन किया गया और यातायात बाधित रहा।
जहानाबाद में ट्रेन रोकी, कई जिलों में सड़कें बंद
जहानाबाद में राजद समर्थकों ने एक पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। मनेर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई स्थानों पर सड़कों पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सुबह 6 बजे से ही ट्रैफिक रोक दिया और जगह-जगह विरोध रैलियां कीं।
चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप
राष्ट्रीय जनता दल का आरोप है कि यह विशेष पुनरीक्षण अभियान एनडीए के इशारे पर किया जा रहा है, ताकि पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और गरीब वर्गों के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकें। आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने इसे मताधिकार छीनने की साजिश बताया।
दिल्ली से पटना पहुंचे राहुल गांधी
इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली से पटना रवाना हुए हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, दीपंकर भट्टाचार्य, एमए बेबी और डी. राजा सहित महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता इस आंदोलन में भाग ले रहे हैं।
देशव्यापी हड़ताल भी प्रभाव में
इसके साथ ही केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। इसमें बैंकों, बीमा कंपनियों, कोयला खदानों और अन्य उद्योगों में कामकाज ठप रहा। 25 करोड़ से अधिक श्रमिक इस बंद का हिस्सा बनने की बात कही जा रही है।







