20 फीट लंबे अजगर ने 63 साल के बुजुर्ग को निगला, गांव वालों ने पेट काटकर निकाला शव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

इंडोनेशिया के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विशालकाय अजगर ने खेत में काम कर रहे 63 वर्षीय किसान को निगल लिया। यह हादसा 8 जुलाई को हुआ, जिसने पूरे गांव में दहशत फैला दी।

बुजुर्ग खेत से लापता, बाइक खेत में मिली

गांव के बुजुर्ग किसान रोज की तरह खेत गए थे, लेकिन रात तक घर नहीं लौटे। अगले दिन सुबह भी कोई खबर नहीं मिलने पर परिवार और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। उनकी बाइक खेत के पास खड़ी मिली, लेकिन व्यक्ति का कोई सुराग नहीं था।

अजगर का फूला पेट बना शक की वजह

तलाशी के दौरान पास ही एक झोपड़ी में लोगों को एक भारी-भरकम अजगर दिखाई दिया, जिसका पेट असामान्य रूप से फूला हुआ था। शक होने पर गांव वालों ने अजगर को मार गिराया और उसका पेट चीर दिया। सभी स्तब्ध रह गए जब अजगर के पेट से लापता किसान का शव पूरी हालत में मिला। शरीर पर चोट या घाव का कोई निशान नहीं था, जिससे अंदेशा है कि किसान को जिंदा निगल लिया गया था।

ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन अलर्ट

इस घटना ने पूरे गांव में भय का माहौल बना दिया है। शव को परिवार को सौंप दिया गया और प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। अधिकारियों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली घटना नहीं है। 2017 में सुलावेसी के एक गांव में भी एक 25 वर्षीय युवक को अजगर ने निगल लिया था। तब भी अजगर को मारकर पेट से युवक का शव निकाला गया था।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment