बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी (JSP) ने पूर्वी चंपारण जिले की 12 विधानसभा सीटों में से सात पर अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने जिन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें ढाका, हरसिद्धि, रक्सौल, नरकटिया, कल्याणपुर, केसरिया और चिरैया शामिल हैं।
घोषित प्रत्याशियों की सूची इस प्रकार है:
ढाका विधानसभा से डा. एल.बी. प्रसाद, हरसिद्धि से अवधेश राम, रक्सौल से कपिलदेव प्रसाद उर्फ भुवन पटेल, नरकटिया से लालबाबू यादव, कल्याणपुर से डा. मंतोष कुमार सहनी, केसरिया से नेयाज अहमद खान उर्फ पप्पू खान, और चिरैया से ई. संजय कुमार को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

उम्मीदवारों की राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि:
जन सुराज पार्टी के घोषित प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से जनसंपर्क में जुट गए हैं। रक्सौल से प्रत्याशी कपिलदेव प्रसाद उर्फ भुवन पटेल पहले जदयू के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं। वे 1994 से जदयू से जुड़े थे और 2017 से 2022 तक जिले के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे।

ढाका से प्रत्याशी डा. एल.बी. प्रसाद लंबे समय से चिकित्सक के रूप में क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं और अपने सौम्य स्वभाव के कारण जनता के बीच लोकप्रिय हैं।

कल्याणपुर से प्रत्याशी डा. मंतोष कुमार सहनी पूर्व में जदयू के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने 2023 में जन सुराज पार्टी का दामन थामा और वर्तमान में पार्टी की प्रदेश कार्यवाहक समिति के सदस्य के रूप में कार्यरत हैं।
केसरिया से प्रत्याशी नेयाज अहमद खान (पप्पू खान) का परिवार भी राजनीति में सक्रिय है। उनकी पत्नी आलिया परवीन केसरिया प्रखंड प्रमुख हैं, जबकि भाई सरफराज आलम खान और भाभी शगुफ्ता सरफराज पंचायत स्तर पर नेतृत्व कर चुके हैं।

हरसिद्धि से प्रत्याशी अवधेश राम वर्ष 2005 से 2011 तक शिक्षक रहे और बाद में पंचायत समिति सदस्य व प्रखंड प्रमुख बने। वे लंबे समय तक जदयू से जुड़े रहे, लेकिन 2025 के चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी में शामिल हो गए।

वहीं चिरैया सीट से प्रत्याशी ई. संजय कुमार, पताही प्रखंड के परसौनी गांव निवासी हैं। वे दो बार पंचायत मुखिया रह चुके हैं और 2020 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।
जन सुराज पार्टी की इस पहली सूची के जारी होते ही जिले की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पार्टी बाकी पांच सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है।







