इंटरसिटी ट्रेन में 3.37 करोड़ का सोना-चांदी पकड़ा गया: आरपीएफ ने की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध यात्री से जब्त हुए जेवर और बिस्किट

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर से इतवारी जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने दिवाली से ठीक पहले एक बड़ी कार्रवाई की। टीम ने ट्रेन के एस-6 कोच में सफर कर रहे एक संदिग्ध यात्री से करोड़ों रुपए के जेवर और सोने-चांदी के बिस्किट बरामद किए। पूछताछ में वह व्यक्ति घबरा गया और बिल दिखाने में नाकाम रहा। तलाशी के दौरान 2.683 किलो सोना और 7.440 किलो चांदी जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 3.37 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

इस कार्रवाई को नागपुर RPF की टास्क टीम ने अंजाम दिया। मुखबिर से मिली जानकारी पर टीम ने आमगांव-गोंदिया के बीच यात्री से पूछताछ की और उसके बैग की जांच की। बैग में सोने के बिस्किट, गहने और चांदी के जेवरात मिले। बिल और दस्तावेज न होने पर सोना-चांदी जब्त कर कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि बरामद सोने की कीमत लगभग 3.27 करोड़ रुपए और चांदी की कीमत लगभग 10.44 लाख रुपए है। इस मामले में फिलहाल जांच जारी है और RPF की टीम संदिग्ध यात्री से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि यह सोना-चांदी किसी बड़ी सप्लाई चेन का हिस्सा हो सकता है। रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई ने तस्करी पर बड़ा प्रहार किया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment