भ्रष्टाचार पर ACB की बड़ी कार्रवाई: 1.80 लाख और 21 हजार की रिश्वत लेते तीन सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जांजगीर-चांपा/मनेन्द्रगढ़, 30 अक्टूबर 2025 —छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को दो जिलों में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में तीन सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। इनमें चांपा SDM कार्यालय के दो कर्मचारी और मनेन्द्रगढ़ PWD विभाग के एक सब इंजीनियर शामिल हैं।

पहली कार्रवाई जांजगीर-चांपा जिले में की गई, जहां ACB बिलासपुर टीम ने SDM कार्यालय के भू-अर्जन शाखा में पदस्थ अमीन पटवारी बिहारी सिंह और कंप्यूटर ऑपरेटर राजकुमार देवांगन को 1.80 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार, दोनों कर्मचारियों ने एक व्यक्ति से मुआवजा राशि दिलाने में मदद करने के नाम पर रकम की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजना बनाकर आज SDM कार्यालय में छापा मारा और दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया।

दूसरी बड़ी कार्रवाई मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में हुई। यहां PWD विभाग के सब इंजीनियर सी.पी. बंजारे को 21 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए सरगुजा ACB टीम ने गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार अंकित मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सब इंजीनियर बिल पास करने के लिए 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। सौदा बाद में 21 हजार रुपये में तय हुआ।

शिकायत की पुष्टि होने पर ACB ने ठेकेदार को केमिकल लगे नोट देकर कार्यालय भेजा। जैसे ही ठेकेदार ने रकम सौंपी, टीम ने मौके पर दबिश देकर सब इंजीनियर को पकड़ लिया। बाद में इंजीनियर के सरकारी आवास पर भी छापा मारा गया, जहां से नकदी, दस्तावेज और बैंक विवरण जब्त किए गए। फिलहाल ACB टीम पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है।

यह कार्रवाई प्रदेश में सरकारी तंत्र के भीतर व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की सख्त नीति को दर्शाती है। इन गिरफ्तारियों से अन्य विभागों में भी सतर्कता का माहौल बन गया है और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment