छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र के चाल्हा मोड़ पर हुई इस दुर्घटना में तेज रफ्तार कार ने तीन निर्दोष लोगों की जान ले ली, जिनमें एक महिला और दो युवक शामिल थे। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार चालक ने पहले सड़क किनारे पैदल जा रही एक महिला को टक्कर मारी। महिला को रौंदने के बाद कार सामने से आ रहे दो बाइक सवार युवकों से जा टकराई। टक्कर की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर पेड़ से भिड़ गई। इस दुर्घटना में महिला और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया और अपनी कार वहीं छोड़ दी। कार का नंबर सीजी 13 बीआई 1283 बताया गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक दोनों युवक सारंगढ़ जिले के रहने वाले थे और धर्मजयगढ़ में सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे। महिला भी उसी इलाके में काम कर रही थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। यह हादसा एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि लापरवाही भरी ड्राइविंग न सिर्फ चालक के लिए बल्कि निर्दोष लोगों के लिए भी घातक साबित हो सकती है।



