मध्यप्रदेश पर्यटन में नई उड़ान: स्थापना दिवस पर शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा, पर्यटकों को मिलेगा आसमान से ‘एमपी दर्शन’ का मौका”

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में एक नई सौगात मिलने जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 नवंबर को राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल से ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ का शुभारंभ करेंगे। इस सेवा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थलों को हवाई मार्ग से जोड़ने की योजना बनाई गई है।

यह पहल प्रदेश में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री किजरापु राममोहन नायडू, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की उपस्थिति में इस सेवा का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री के फ्लैग ऑफ के बाद हेलीकॉप्टर उज्जैन के लिए रवाना होगा। नियमित संचालन 20 नवंबर से शुरू होगा।

पर्यटन विभाग के अनुसार, यह सेवा लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करना है। अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य होगा जहाँ इंट्रा स्टेट एयर कनेक्टिविटी के साथ हवाई पर्यटन सेवा शुरू की जा रही है।

यह हेलीकॉप्टर सेवा प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, वन्यजीव और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के बीच यात्रा को अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाएगी। इससे राज्य में एडवेंचर, हेरिटेज और स्पिरिचुअल टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी। साथ ही, देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए यात्रा का अनुभव और भी समृद्ध होगा।

सेवा का संचालन प्रत्येक सेक्टर में सप्ताह में पांच दिन किया जाएगा। तीन सेक्टरों में इसका संचालन तय किया गया है —

सेक्टर 1: ट्रांस भारत एविएशन

सेक्टर 2 व 3: जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड

तीनों सेक्टरों के साथ तीन वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध किए गए हैं। प्रारंभिक चरण में प्रत्येक सेक्टर में निजी ऑपरेटर हेलीकॉप्टर संचालित करेंगे, जिनमें कम से कम छह यात्री सीटें होंगी।

यह पहल मध्यप्रदेश को पर्यटन के एक नए आयाम की ओर अग्रसर करेगी और प्रदेश के आकाश में पर्यटन की नई उड़ान भरेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment