कबरा का आतंक खत्म: 19 लोगों की जान लेने वाला हाथी वन विभाग के शिकंजे में

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिलों में लगभग छह महीने से आतंक का सबब बने आक्रामक हाथी ‘कबरा’ को वन विभाग ने आखिरकार काबू कर लिया है। बुधवार सुबह रामगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की मदद से विशेषज्ञ टीम ने उसे ट्रैंकुलाइज कर दिया।

बताया जा रहा है कि इस हाथी के हमलों में अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है। उसे पकड़ने में कठिनाई इसलिए आई क्योंकि वह 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था और घने जंगल में दूसरे हाथियों के बीच छिपकर टीम को चकमा दे रहा था।

वन विभाग की टीम कई दिनों से हाथियों के दल की निगरानी कर रही थी। मंगलवार रात झुंड सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में रहा, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना रहा। लोग रातभर सतर्क रहे और वन विभाग के साथ पहरेदारी करते रहे।

सोमवार को कुमकी हाथियों के साथ टीम ने कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज करने की कोशिश की थी, लेकिन ट्रैंकुलाइजर गन से निशाना चूक जाने के कारण सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह जब हाथियों का झुंड रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंचा, तो कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ की मदद से वन्यजीव चिकित्सक ने कबरा के पास पहुंचकर डॉट दागा। इसके बाद हाथी बेहोश हो गया और टीम ने उसे सुरक्षित रूप से बांध दिया।

ट्रैंकुलाइज करने के बाद वन विभाग ने कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, उसे आगे रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा। सीसीएफ वाइल्डलाइफ प्रणय मिश्रा ने बताया कि हाथी को ट्रैंकुलाइज कर लिया गया है और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कबरा हाथी के साथ मौजूद झुंड के अन्य हाथियों को दूर भगाने की कोशिश की गई, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सके। पांच दिन की लगातार कोशिश के बाद मिली इस सफलता से क्षेत्र के लोगों में राहत की खबर है, हालांकि वन विभाग ने आसपास के गांवों में सतर्कता बरकरार रखने को कहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment