रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उनकी तबीयत बिलासपुर में आयोजित BJP के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान अचानक बिगड़ गई थी। गंभीर हालत में उन्हें बिलासपुर सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, रूपनारायण सिन्हा प्रशिक्षण महाअभियान के प्रभारी के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक सीने में दर्द और तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा कि रूपनारायण सिन्हा का असामयिक निधन बेहद पीड़ादायक है और भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक ने भी उनके निधन को भाजपा संगठन के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि रूपनारायण सिन्हा ने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।
रूपनारायण सिन्हा के निधन के बाद BJP का पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। बिलासपुर के तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में आयोजित होने वाला कार्यक्रम अब आगे की सूचना तक टाल दिया गया है। इधर सिम्स अस्पताल से उनके पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस के जरिए रायपुर रवाना किया गया।




