पीएम मोदी आधुनिक भारत के विश्वकर्मा: सांसद बृजमोहन

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर श्रम विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल का उल्लेख करते हुए लोगों से उनके सम्मान में घरों और मोहल्लों में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने का आह्वान किया।

पीएम मोदी को बताया आधुनिक भारत का विश्वकर्मा

सम्मेलन को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज का दिन विशेष खुशी का है, क्योंकि विश्वकर्मा जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने आदि-अनादि काल से सृष्टि के निर्माण में योगदान दिया, वहीं आधुनिक भारत के विश्वकर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

उन्होंने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन कर रहा है। अग्रवाल ने जनता से अपील की कि प्रधानमंत्री के सेवाकाल के सम्मान में सभी अपने-अपने घरों और मोहल्लों में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, प्रसन्न और निरंतर देशसेवा में जुटे रहने की कामना भी की।

श्रमिकों के लिए स्मार्ट कार्ड और निशुल्क कोचिंग का जिक्र

श्रमिकों के कल्याण की योजनाओं का उल्लेख करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हर श्रमिक का स्मार्ट कार्ड बनाया जा रहा है। इससे उन्हें शासन की आवश्यक योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने अपने पांच वर्ष के श्रम मंत्री के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस दौरान श्रमिकों के उत्थान के लिए कई योजनाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने बताया कि उनके अनुरोध पर श्रमिकों के बच्चों को डॉक्टर, शिक्षक और रेलवे जैसी सेवाओं में जाने के लिए निशुल्क कोचिंग और स्कूलों में प्रवेश की व्यवस्था शुरू की गई है।

ऑटो-रिक्शा अनुदान बढ़ाने का आग्रह

बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि श्रमिकों के हित में वर्तमान श्रम मंत्री लखन देवांगन से ऑटो-रिक्शा अनुदान में बढ़ोतरी करने और जनहितकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने का आग्रह किया गया था। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

3 हजार युवाओं को रोजगार प्रमाण पत्र देने की तैयारी

सांसद ने कहा कि आने वाले समय में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में 3,000 युवाओं को रोजगार प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने इसे युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment