रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के प्रधानमंत्री आवास योजना पर खुली बहस अभी चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी बीच अब भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को फिरसे खुली बहस के लिए चुनौती दे दी है।
बघेल ने ओपन डिबेट के लिए चुनौती खदान के मुद्दे को लेकर दी है। प्रदेश में खनन, खदान एक बड़ा जन मुद्दा बन चुका है विशेषकर अडानी समूह द्वारा चलाया जा रहा हसदेव अरण्य का केंते एक्सटेंशन कोयला खनन परियोजना और तारा कोल ब्लॉक। बघेल ने कहा कि “खनन गतिविधियों को लेकर साय सरकार ने क्या काम किया है और क्या नहीं?” यह बात खुलकर मीडिया और जनता के सामने रख दें। इस विषय पर वे खुली बहस के लिए तैयार है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर पंचायत मंत्री के साथ प्रेस क्लब में खुली बहस हुई। उसी तरह वे खनन, खदान को लेकर भी मुख्यमंत्री के साथ ओपन डिबेट के लिए तैयार है। साय सरकार डिबेट के लिए मीडिया और जनता के सामने आए। वहीं मुख्यमंत्री का भी बयान सामने आया है।
क्या बोले मुख्यमंत्री साय?
मुख्यमंत्री ने खदान के मुद्दे और भूपेश के चैलेंज को लेकर बयान दिया है कि “इस विषय में जो भी फैक्ट है, सब जनता के सामने आ रहा है।”







