भालू का खूनी तांडव: शवों को नोचता रहा, भाई-बहन समेत 3 की जान गई

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

कांकेर।जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र में भालू के हमले से दहशत फैल गई। खेत में काम कर रहे लोगों पर भालू ने हमला कर दिया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मृतकों में भाई-बहन भी शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के बाद भालू काफी देर तक शवों को भी नोचता रहा।

एक अन्य घटना में भी भालू के हमले से एक महिला की मौत हो गई। यह घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र के गवरसिल्ली गांव की है। मृतकों की पहचान हलाल जुर्री (45), खोरीन बाई (40) और चमरीन जुरी के रूप में हुई है। सभी खेत में काम कर रहे थे, तभी भालू ने उन पर हमला कर दिया।

घटना के बाद भालू गांव के आसपास ही घूमता रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग ने रायपुर से विशेष टीम बुलाई। टीम ने काफी मशक्कत के बाद भालू को बेहोश कर पिंजरे में कैद किया। इस दौरान गांव में भारी आक्रोश देखने को मिला और ग्रामीण भालू को मारने की मांग करने लगे।

मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है भालू

जानकारी के मुताबिक, भालू मानसिक रूप से बीमार है। बताया जा रहा है कि इससे पहले एक मादा भालू ने अपने ही बच्चे को नोच-नोचकर मार डाला था। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी, जिसके बाद गांव में मुनादी कराई गई थी। हालांकि छोटेपारा में मुनादी नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि इसी वजह से लोग सतर्क नहीं हो पाए और यह हादसा हो गया।

गांव वालों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। उनका कहना है कि उन्होंने पहले ही वन विभाग को खतरे की सूचना दे दी थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

वन विभाग की टीम की गाड़ी पर भी किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेस्क्यू के दौरान भालू ने वन विभाग की टीम की गाड़ी पर भी हमला कर दिया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को काफी सतर्कता बरतनी पड़ी। फिलहाल वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

🔗जुड़े हमारे व्हाट्सएप ग्रुप में

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment