धान खरीदी केंद्र में अचानक पहुंचीं खाद्य सचिव!, अधिकारियों में हलचल तेज

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने सोमवार को अचानक मंदिर हसौद के धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। उनके साथ रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह भी मौजूद रहे। सचिव के अचानक पहुंचने से केंद्र में मौजूद अधिकारियों में हलचल मच गई।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने तौल मशीनों की कार्यप्रणाली, बारदाना की उपलब्धता, नमी मापक यंत्र की स्थिति, स्टैकिंग सिस्टम और किसानों की सुविधा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रहे, ताकि किसी भी किसान को धान बेचने में एक भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर नम्रता जैन, जिला पंचायत CEO कुमार बिश्वरजन सहित कई विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे। सचिव कंगाले ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।’’

रायपुर जिले में खरीदी का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है।
2 दिसंबर को ही जिले के 2,267 किसानों से 1,13,981.60 क्विंटल धान खरीदा गया है। इसके साथ कुल खरीदी 9 लाख क्विंटल के पार पहुंच गई है। अब तक 20,155 किसानों से 9,52,089.60 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment