छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग की भर्ती हुई डिजिटल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग की भर्ती प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की नियुक्ति के लिए विकसित नए ऑनलाइन भर्ती सॉफ्टवेयर का मंगलवार को विभागीय मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंत्री राजवाड़े ने नई विभागीय वेबसाइट और ई-ऑफिस यूजर मैनुअल का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्रणाली लागू होने से आवेदन से लेकर चयन तक की संपूर्ण प्रक्रिया एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संपन्न होगी। इससे योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और निष्पक्ष बनेगी।

मंत्री ने बताया कि इस व्यवस्था से आवेदकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी, साथ ही भ्रम और अनावश्यक हस्तक्षेप की संभावनाएं भी समाप्त होंगी। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से समय और संसाधनों की बचत होगी तथा मानव संसाधन प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि नई वेबसाइट और ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया से शासन की कार्यप्रणाली में जनता का भरोसा बढ़ेगा और आंगनबाड़ी व्यवस्था को आधुनिक, उत्तरदायी एवं जनोन्मुखी स्वरूप मिलेगा। यह पहल राज्य में ई-गवर्नेंस को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव शम्मी आबिदी, संचालक रेणुका श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि प्रदेश में 1 जनवरी 2026 से सभी शासकीय विभागों के कार्य ऑनलाइन किए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। अब प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्य होंगे, जिससे फाइलों के निपटारे में तेजी आएगी और प्रशासनिक कार्य अधिक प्रभावी होंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment