रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ फिलहाल बीकानेर, दतिया, रीवा, डाल्टनगंज और जमशेदपुर से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बने गहरे अवदाब के केंद्र तक फैली हुई है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर तेज बने रहने की संभावना है।
कई जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह कई जिलों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में आकाशीय बिजली गिरने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।






