रायपुर में सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास बन रहे एक विवादित निर्माण पर मंगलवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर उसे ढहा दिया। सुबह से ही जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से कार्रवाई शुरू की गई, जिसके चलते पूरा इलाका पुलिस छावनी जैसा नजर आया।
मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी, नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। किसी भी तरह की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। आसपास की सड़कों को भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया और पूरे अभियान पर कड़ी नजर रखी गई।
जानकारी के मुताबिक जिस जमीन पर यह निर्माण हो रहा था, उसकी लीज अवधि खत्म हो चुकी थी। इसी आधार पर नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन ढांचे को हटाया गया। अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की गई है।
महीनों से चल रहा था विवाद
इस निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे थे कि सामुदायिक भवन के नाम पर यहां चर्च जैसा निर्माण किया जा रहा है। इसी को लेकर कई संगठनों ने आपत्ति जताई थी और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, लेकिन पुलिस की सख्ती और पहले से की गई व्यवस्था के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। किसी तरह की झड़प या विरोध की खबर नहीं मिली।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा
इस बुलडोजर कार्रवाई को शहर की बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। अब इसको लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। प्रशासन ने साफ कहा है कि नियमों के खिलाफ किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।







