कांकेर: नक्सल प्रभावित क्षेत्र कांकेर-नारायणपुर सीमा पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में सुरक्षा बलों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) को निष्क्रिय करते समय हुए अचानक विस्फोट में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के 4 जवान शहीद हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में DRG की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा पहले से प्लांट किया गया एक आईईडी मिला। जब टीम उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया में जुटी थी, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया।
इस विस्फोट में मौके पर ही DRG इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और संजय गढ़पाले वीरगति को प्राप्त हो गए। वहीं गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से आत्मसमर्पण कर चुके माओवादी कैडरों से मिली सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा बल लगातार क्षेत्र में छिपाए गए आईईडी बरामद कर रहे हैं। अब तक सैकड़ों विस्फोटक निष्क्रिय किए जा चुके हैं, लेकिन इस ऑपरेशन के दौरान हुआ यह हादसा बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।



