रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब वाटर स्पोर्ट्स और बोटिंग गतिविधियों को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। जबलपुर में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने प्रशासन को झकझोर दिया है, जिसके बाद राज्य में सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि लोगों की जान से बढ़कर कुछ भी नहीं है, और सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएगी।
सरकार ने सभी जिलों में तुरंत सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, तय मानकों (SOP) का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। बोटिंग और वाटर स्पोर्ट्स से जुड़े सभी स्थानों पर लाइफ जैकेट, रेस्क्यू उपकरण और इमरजेंसी व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखने का आदेश जारी किया गया है।
सीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जहां भी लापरवाही पाई जाएगी, वहां सीधे जिम्मेदार अफसरों और कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। कलेक्टरों को लगातार निगरानी रखने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
जबलपुर हादसे में 9 लोगों की मौत के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं दिख रही है, और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।



