रायपुर। कमल विहार (कौशल्या माता विहार) में लंबे समय से बनी बुनियादी समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है। क्षेत्र के नागरिकों ने अपनी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर जल्द समाधान की मांग की।
पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता शेख शकील और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. नेहाल खान की अगुवाई में सैकड़ों नागरिक रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
नागरिकों ने बताया कि कमल विहार में कई सार्वजनिक गार्डन बनाए गए हैं, लेकिन एक भी पार्क पूरी तरह विकसित नहीं किया गया है। लोगों ने पार्कों में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण, बच्चों के लिए झूले और फिसलपट्टी लगाने, वरिष्ठ नागरिकों के बैठने की व्यवस्था करने और सभी उद्यानों को व्यवस्थित रूप से विकसित करने की मांग रखी। साथ ही खाली पड़े गार्डन की जमीनों पर हो रहे कथित अतिक्रमण को हटाने और वहां सार्वजनिक उद्यान का बोर्ड लगाने की भी मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने RDA अध्यक्ष और अधिकारियों के साथ बैठक में यह भी कहा कि कमल विहार के कई सेक्टरों में स्ट्रीट लाइट बंद हैं, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लग रहे हैं। लोगों का कहना था कि नगर निगम संपत्ति कर, भवन निर्माण और नक्शा पास कराने जैसे विभिन्न करों की वसूली तो कर रहा है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पा रहा।
बैठक में RDA की खाली पड़ी बड़ी जमीनों का उपयोग करते हुए सामुदायिक भवन बनाने की मांग भी रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी आवासीय कॉलोनी की जर्जर इमारतों का मुद्दा भी उठाया। लोगों ने बताया कि कई वर्षों से भवनों की छत और दीवारें खराब हालत में हैं तथा प्लास्टर लगातार गिर रहा है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। नागरिकों ने कहा कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी RDA की होगी।
इसके अलावा कॉलोनी के जिन हिस्सों में नालियां नहीं हैं, वहां गंदे पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराने की भी मांग की गई। इस पर RDA अध्यक्ष ने जल्द नालियां बनवाने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सैकड़ों नागरिकों के साथ RDA कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस दौरान सुरेश साहू, जाहिर अहमद खान, बबला भाई, प्रणव वर्मा, फहीम खान, पुष्पा बुनकर, आलसी बाई, अर्पणा गुप्ता, रुकसाना खान, फरहत खान, प्रकाश सोनी, हुमायूं खान, सलमान खान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





